नक्‍सली हमला में 22 जवानों की मौत, तीन तरफ से घेर कर मारा नक्‍सलियों ने

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

नक्‍सलियों से मुठभेड़ की यह घटना शनिवार, 03 अप्रैल 2021 की है। शुरूआती खबर के अनुसार पांच सुरक्षा बल के जवानों की मौत की बात सामने आयी थी। 18 जवान लापता बताये गए। आज उनमें से 17 जवानों के शव बरामद किये गए हैं। पूरी घटना पर गौर करें। शनिवार दोपहर छत्तीसगढ़ में बीजापुर-सुकमा ज़िले की सीमा पर जगरगुंड़ा थाना क्षेत्र (सुकमा जिला) के अंतर्गत जोनागुड़ा गांव के पास नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच तीन घंटे चली मुठभेड़ चली थी। मृतकों के अलावा घायल जवानों की संख्‍या 30 बतायी जा रही है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दो अप्रैल को सुकमा और बीजापुर के पांच कैंपों के तकरीबन दो हजार जवान बीजापुर जिले के तर्रेम के पास जंगलों में गए हुए थे। खबरों के अनुसार इस अभियान का लक्ष्‍य था नक्सलियों के बटालियन नंबर वन के एरिया कमांडर हिदमा का सफाया करना। कुछ दिन पहले ही हिड़मा गिरोह ने पुलिस को चुनौती दी थी।

शनिवार के अभियान में शामिल सुरक्षा बलों की टीम कई हिस्सों में बंटी हुई थी। एक टीम को हिड़मा की बटालियन ने अपनी एंबुश में फंसा लिया है। उसके बाद जवानों की घेराबंदी कर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिड़मा की बटालियन ने जवानों को तीन तरफ से घेर लिया था। जवान घने जंगल में फंसे थे और हिड़मा की बटालियन पहाड़ के ऊपर से फायरिंग कर रही थी।

चारों तरफ से घिरे जवानों के पास कोई चारा नहीं बचा था। उसके बाद भी जवानों ने हिड़मा की बटालियन को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस हादसे में नक्सलियों को भी बहुत नुकसान हुआ है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सली मौके से चार ट्रैक्टर में भरकर अपने साथियों के शव ले गए हैं।  बताया जाता है कि हिड़मा की सुरक्षा में नक्सलियों की सबसे घातक टीम रहती है। यह टीम अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। मुठभेड़ स्थल पर मौजूद एक जवान ने बताया कि इस टीम में करीब आठ सौ की संख्या में नक्सली थे। उन्होंने जवानों के ऊपर हमला किया है। हिड़मा खुद कभी छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शरण लेते रहती है। घटना वाली जगह भी तेलंगाना की सीमा से लगती है। खबर है कि नक्‍सलियों ने इस हमले में हताहत  जवानों की रायफलें लूट लीं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के शहीद होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रविवार को बात की और हालात का जायजा लिया। शाह ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक कुलदीप सिंह को स्थिति का जायजा लेने के लिए छत्तीसगढ़ जाने को कहा है। इस बीच राज्‍य के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल अस्‍पताल जाकर घायल जवानों से मिले। 

Add new comment