बेंगाबाद (गिरिडीह): विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में बेंगाबाद के करमाटांड़ स्थित के एन बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सेमिनार सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डालसा के सचिव सह जिला न्यायधीश मनोरंजन कुमार उपस्थित थे। जबकि कार्यक्रम में पैनल अधिवकता बिपिन कुमार यादव, नरेश पाठक समेत अन्य लोग शरीक थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रजवलित कर किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद कॉलेज की प्रशिक्षु छात्राओं ने अतिथियों का अभिनंदन स्वागत गान से किया। जिसके बाद कार्यक्रम की विधिवत शुरुवात हुई।
कार्यक्रम में जिला जज मनोरंजन कुमार ने सबको संबोधित करते हुए कहा कि देश के तमाम नागरिक को अपने अधिकार व कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। भारतीय संविधान ने तमाम नागरिकों को विशेष अधिकार दिया हुआ है, जिसका उपयोग वह अपने हित के लिए कर सकते हैं। कानून द्वारा मिले अधिकारों के द्वारा कोई भी नागरिक खुद को किसी भी प्रकार के शोषण से बचा सकता है। साथ संविधान द्वारा नागरिकों के लिए कुछ कर्तव्यों का भी निर्वाहन किया गया है। जिसका अनुपालन हर नागरिक के लिए जरूरी है। तभी एक विकसित और भयमुक्त समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर उन्होंने छात्र- छात्राओं को कई आवश्यक कानूनी जानकारियां भी दीं।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता बिपिन कुमार यादव ने कहा कि अमूमन लोग जागरूकता के आभाव में भय के माहौल में रहते हैं। कानूनी जानकारी व अपने अधिकारों के प्रति सजग नही रहने के कारण ही लोग शोषण का शिकार होते हैं। लोगों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की जरूरत है।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी मानवाधिकार दिवस पर अपने अपने विचार रखे। इस दौरान छात्र छात्राओं ने कई बिंदुओं पर अपनी बात रखते हुए संविधान द्वारा प्राप्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के उप प्राचार्य अजीत कुमार सिंह कर रहे थे। जबकि मौके पर पीएलभी संतोष पाठक, पूनम भदानी, बिनोद कुमार, सुनील कुमार, अनवारुल हक़ समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
