priyanka_bheemarmychief

प्रियंका भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से मिलने अस्पताल पहुंचीं

मेरठ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर रावण से मिलने मेरठ के अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर भी थे। इस दौरान प्रियंका ने योगी सरकर पर निशाना साधा और कहा कि नौजवान की आवाज दबाई जा रही है। योगी सरकार अहंकारी हो गई है। 

पत्रकारों के सवाल पर प्रियंका ने कहा, “आप चाहें तो इसका राजनीतिकरण कर सकते हैं, मैं नहीं करूंगी, मुझे इस लड़के का संघर्ष पसंद आया। मैं पहले चंद्रशेखर से मिलूंगी, आप बाहर जाएं।”

चंद्रशेखर ने कहा, “मेरा कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है। मैं गठबंधन के साथ हूं और कहीं से भी चुनाव नहीं लड़ना चाहता। लेकिन महागठबंधन ने चाहा तो मैं नरेंद्र मोदी के सामने चुनाव लड़ूंगा।”

प्रियंका की चंद्रशेखर से मुलाकात पर सियासत गर्म है। बताया जा रहा है कि इमरान मसूद की पहल पर यह मुलाकात हुई है।

प्रियंका ने भीम आर्मी प्रमुख से बंद कमरे में मुलाकात की। अस्पताल पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेसियों को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने भगा दिया। चंद्रशेखर का हालचाल जानने के बाद प्रियंका अपने काफिले के साथ वहां से निकल गईं।

गौरतलब है कि भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर को आचार संहिता के उलंघन में सहारनपुर के देवबंद से हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी। उन्हें मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *