wbengalBJP_attack

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष के काफिले पर हमला, कई घायल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के  पूर्व मेदिनीपुर में भाजपा प्रदेश के अध्यक्ष और विधायक दिलीप घोष के काफिले पर हमला हुआ है। इस हादसे में प्रदेश अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। घायलो में दो की हालत काफी गंभीर है, जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि, अन्य कार्यकर्ताओं का प्राथमिक चिकित्सा के बाद छोड़ दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, काथी बस स्टैंड के पास सोमवार को भाजपा की एक सभा थी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता इस सभा में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सभा में शामिल होने के लिए उनके साथ भाजपा के कार्यकर्ता मोटरसाइकिल की रैली कर जा रहे थे। उसी समय अज्ञात लोगों ने उन पर लाठी और ईंट से अचानक हमले कर दिए। जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। खुद प्रदेश अध्यक्ष को भी चोटें आई है। उन्होंने कहा कि करीब 20 मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई और कार को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

तृणमूल कांग्रेस पर लगाया हमला करने का आरोप

इस घटना के बाद भाजप प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांथी के तृणमूल कांग्रेस के सांसद द्विवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में यह हमले किये गए है। हालांकि सांसद द्विवेंदु अधिकारी ने इस आरोप को सिर से खारिज कर दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। इधर, हमले के बाद घटनास्थल पर तनाव बना हुआ है। हालांकि, अभी तक इस घटना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।

पहले भी हो चुका है हमला

गौरतलब है कि अगस्त महीने में भी पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के खतरा में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीष घोष की कार पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया था। दिलीप ने इसके पीछे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया था। हालांकि, उस हमले में उन्हें चोटें नहीं और वह बाल-बाल बच गए थे। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक इस घटना पर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *