naxal-attack04mar21

झारखंड: नक्सली हमला में 3 जवान शहीद

झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा ने कहा है कि चाईबासा क्षेत्र में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में आईईडी को रिकवर किया गया है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, नक्सली जानबूझकर पुलिस के अभियान को रोकने के लिए आईईडी लगाते हैं।

रांची: झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा ने झारखंड जगुआर के 3 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। इसके साथ ही 2 जवानों के घायल होने की बात भी कही है। रांची के मेडिका अस्पताल में घायल जवानों को देखने पहुंचे डीजीपी ने कहा कि, चाईबासा के लांजी पहाड़ पर सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर का संयुक्त सर्च ऑपरेशन चल रहा था।

इस अभियान में शामिल होने के लिए अतिरिक्त जवान पहाड़ पर चढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान आईईडी ब्लास्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि, इस क्षेत्र में पहले से आईईडी लगाए गये हैं। इसका उद्देश्य ऑपरेशन को रोकना है।

चाईबासा क्षेत्र में आईईडी की मौजूदगी
झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा ने कहा है कि चाईबासा क्षेत्र में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में आईईडी को रिकवर किया गया है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि, नक्सली जानबूझकर पुलिस के अभियान को रोकने के लिए आईईडी लगाते हैं। डीजीपी ने कहा कि, इस घटना के बाद भी पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

नक्सलियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
झारखंड डीजीपी के तौर पर नीरज सिन्हा ने हाल ही में कमान संभाली है। लिहाजा उनके सामने नक्सलियों ने बड़ी चुनौती पेश की है। ऐसे में पुलिस नक्सलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दे रही है। रांची में पत्रकारों से बात करते हुए डीजीपी नीरज सिन्हा ने कहा कि पुलिस जो कार्रवाई करने जा रही है उससे नक्सलियों को कड़ा संदेश जाएगा।

हाल के दिनों में झारखंड में नक्सलियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है। गुमला और लोहरदगा के बाद चाईबासा में नक्सलियों ने जिस तरह से पुलिस को निशाना बनाया है उससे पुलिस महकमे की भी नींद उड़ गई है। नए डीजीपी नीरज सिन्हा नक्सलियों से लोहा लेने के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं यह देखने वाली बात होगी।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *