नेमरा में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, 105 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

रामगढ़। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रामगढ़ जिले के नेमरा (लुकैयाटांड़) स्थित सोना सोबरन +2 उच्च विद्यालय परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित विकास मेला-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र के लिए 105.2 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य राज्य के इतिहास, संघर्ष और सामाजिक न्याय के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों और शहीदों की पावन भूमि है तथा समाज की वास्तविक ताकत आपसी एकजुटता और भाईचारे में निहित है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, माता श्रीमती रूपी सोरेन, कई मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।