रांची: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित जलापूर्ति और योजनाओं के प्रभावी संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्य की 8 जल सहियाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया। नेपाल हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित जल सहियाओं का विवरण
बोकारो जिला: 5 जल सहियाएं
रांची जिला: 3 जल सहियाएं
सामुदायिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता की मिसाल
सम्मानित जल सहियाओं ने अपने ग्राम एवं पंचायतों में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के साथ समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव, जल गुणवत्ता जांच, जल संरक्षण और सुरक्षित जल उपयोग के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विभाग के सचिव ने इन जल सहियाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल राज्य की अन्य जल सहियाओं को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य केवल नल से जल पहुंचाना ही नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और सुरक्षित जलापूर्ति सुनिश्चित करना है।
मासिक जल शुल्क से चल रही योजनाएं
जल सहियाओं के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से मासिक जल शुल्क (वाटर टैक्स) का संग्रह किया जा रहा है। इस एकत्रित राशि का उपयोग:
प्लंबर और पंप ऑपरेटरों के मासिक वेतन भुगतान में
जलापूर्ति योजनाओं की आवश्यक मरम्मत और रख-रखाव में
योजनाओं के निर्बाध संचालन को बनाए रखने में किया जा रहा है।
समारोह के दौरान जल सहिया दीदियों ने जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों और अपने सफल अनुभवों को भी साझा किया।
- साभार : झारखंड IPRD

Leave a Reply