गया में लोजपा (रामविलास) के कार्यक्रम में हंगामा, टिकट बेचने के आरोप पर मंत्री संजय पासवान ने कार्यकर्ता से छीना माइक

गया: बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान के गया दौरे के दौरान चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की अंदरूनी कलह सामने आ गई। पुलिस लाइन स्थित अंबेडकर छात्रावास के निरीक्षण और संवाद कार्यक्रम में एक लोजपा कार्यकर्ता ने पार्टी संगठन और टिकट वितरण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए, जिसके बाद मंत्री और कार्यकर्ता के बीच माइक छीनने की नौबत आ गई।

वायरल वीडियो में खींचतान का दृश्य
कार्यक्रम के दौरान लोजपा कार्यकर्ता ने माइक थामकर खुले तौर पर आरोप लगाया कि गया में पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उसने कहा कि पार्टी दलितों और वंचितों की राजनीति की बात करती है, लेकिन चुनाव के दौरान जमीनी कार्यकर्ताओं को किनारे कर दिया जाता है।

पैसे लेकर टिकट देने का आरोप:

कार्यकर्ता ने सीधे तौर पर पार्टी पर आरोप लगाया कि चुनाव में टिकट देने के लिए पैसे लिए जाते हैं।

उसने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और संगठन में उचित भागीदारी न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।

तनाव तब और बढ़ गया जब मंत्री संजय पासवान ने कार्यकर्ता को बोलने से रोकते हुए उससे माइक लेने की कोशिश की। इसके बाद दोनों के बीच माइक को लेकर काफी देर खींचतान होती रही और कार्यकर्ता मंत्री की तरफ उंगली उठाकर अपनी बात कहता नजर आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गौरतलब है कि मंत्री संजय पासवान अंबेडकर छात्रावासों का निरीक्षण कर छात्रों की समस्याएं सुन रहे थे। इससे पहले उन्होंने जहानाबाद में भी निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन गया में छात्रावास के मुद्दों के बीच पार्टी का अंदरूनी असंतोष खुलकर सड़कों पर आ गया।