नई दिल्ली/केवड़िया: भारतीय सिनेमा में अतुलनीय योगदान देने वाले दिग्गज कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग को साल 2024 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है। केंद्र सरकार ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर उनके नाम पर मुहर लगाई है।
अनंत नाग को यह प्रतिष्ठित सम्मान 22 सितंबर 2026 को गुजरात के केवड़िया (एकता नगर) में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
अनंत नाग को इस सर्वोच्च सिनेमा सम्मान के लिए चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा:
“लेजेंड्री अनंत नाग जी को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर बधाई। कई दशकों से अपनी सहज अदाकारी, शानदार अभिनय और बेहतरीन बहुमुखी प्रतिभा के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने जिस भी किरदार को निभाया, उसमें एक अलग गहराई और सच्चाई नजर आती है।”
मालगुडी डेज से KGF तक का सफर
4 सितंबर 1948 को कर्नाटक के बेंगलुरु में जन्मे अनंत नाग ने अपने 50 से अधिक वर्षों के करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
बहुभाषी अभिनय: मुख्य रूप से कन्नड़ सिनेमा के स्तंभ रहे अनंत नाग ने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी फिल्मों में भी अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
यादगार किरदार: उन्हें धारावाहिक ‘मालगुड़ी डेज़’ से घर-घर में पहचान मिली। इसके अलावा, कन्नड़ सिनेमा की ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘KGF’ में भी उन्होंने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पूर्व में मिले सम्मान: साल 2023 में सिनेमा में 50 साल पूरे करने वाले अनंत नाग को पिछले वर्ष देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से भी नवाजा जा चुका है।
राजनीति में भी रहे सक्रिय
अभिनय के अलावा अनंत नाग का राजनीतिक करियर भी समृद्ध रहा है। वे एमएलए (MLA) और एमएलसी (MLC) रहने के साथ-साथ 1996 में जे.एच. पटेल की कैबिनेट सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

Leave a Reply