रांची: झारखंड सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। आदेश के तहत डीजीपी अनुराग गुप्ता से एसीबी और सीआईडी का प्रभार वापस ले लिया गया है। अब एसीबी की जिम्मेदारी एडीजी प्रिया दुबे को दी गई है, जबकि आईजी रांची मनोज कौशिक को सीआईडी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सबसे अहम बदलाव रांची पुलिस में हुआ है। चाईबासा एसपी राकेश रंजन को रांची का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। पूर्व एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को एसीबी का डीआईजी बनाया गया है। पारस राणा को सिटी एसपी रांची के साथ जैप-10 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, राकेश सिंह को नया ट्रैफिक एसपी बनाया गया है, जिन्हें वायरलेस एसपी की जिम्मेदारी भी दी गई है।
तबादला सूची के अनुसार डीजी वायरलेस प्रशांत सिंह को डीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार मिला है। सुमन गुप्ता रेल एडीजी बनाए गए हैं और क्रांति कुमार गडीदेशी को बोकारो आईजी से बदलकर आईजी मानवाधिकार नियुक्त किया गया है। शैलेंद्र सिन्हा को पलामू आईजी, जबकि सुनील भास्कर को बोकारो आईजी की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य तबादलों में संजीव कुमार को सीआईडी डीआईजी से एसआईबी डीआईजी बनाया गया है। शैलेंद्र प्रसाद बरनवाल को डीआईजी सब, मनोज रतन को डीआईजी स्पेशल ब्रांच और अजीत पीटर डुंगडुंग को संयुक्त निदेशक पुलिस अकादमी (हजारीबाग) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अजीत कुमार को रेल एसपी जमशेदपुर, अमित रेनू को चाईबासा एसपी, सौरभ को देवघर एसपी और एहतेशाम वकारिब को सीआईडी एसपी बनाया गया है।
जैप में भी बदलाव किए गए हैं। मनोज स्वर्गीयरी को जैप-3 गोविंदपुर कमांडेंट और मूमल राजपुरोहित को जैप-8 कमांडेंट नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार का कहना है कि इन तबादलों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा प्रशासनिक दक्षता को मजबूत बनाना है।