मेरे सुरक्षाकर्मी कर सकते हैं मेरी हत्या: केजरीवाल

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सनसनीखेज बयान से दिल्ली की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। केजरीवाल का दावा है कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह किसी दिन उनकी भी हत्या करवाई जा सकती है। केजरीवाल ने भाजपा पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।
 
इस मसले में तीखी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि केजरीवाल सियासी विक्षिप्तता की सीमा लांघ गए हैं। कोई मुख्यमंत्री इस तरह की बयानबाजी कैसे कर सकता है। हम सभी राजनीति प्रतिद्वंदी हैं, दुश्मन नहीं। देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

दूूसरी तरफ दिल्ली पुलिस का कहना है कि सीएम की सुरक्षा इकाई प्रशिक्षित जवानों की टीम के जिम्मे है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण से अपना काम कर रहे हैं। उनकी यूनिट कई दलों के शीर्ष नेताओं को सुरक्षा कवर मुहैया करा रही है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे जवान भी उतने ही योग्य, काबिल और अपने ड्यूटी के प्रति समर्पित हैं।

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में एक इंटरव्यू दिया था। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से साझा किया। केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उनके ऊपर पांच बार हमले हुए हैं। बीते 70 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ है कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री पर पांच बार हमले हुए हों। केजरीवाल ने कहा कि एक के बाद एक छोटे हमले करवा कर उन्होंने इस तरह का पैटर्न बनवाया है। केजरीवाल के मुताबिक, वह देश के अकेले मुख्यमंत्री हैं, जिनकी सुरक्षा उनके कब्जे में नहीं। उनका पीएसओ भाजपा को रिपोर्ट करता है। कहीं इंदिरा गांधी की तरह भाजपा वाले मेरे पीएसओ से खत्म करवा देंगे। मेरी लाइफ दो मिनट के अंदर खत्म हो सकती है।

विजेंद्र गुप्ता के ट्वीट से फिर भड़की आप
अरविंद केजरीवाल का बयान आने के बाद शनिवार को भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने ट्वीट किया कि 4 मई को रोड शो के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री पर जो हमला हुआ, उससे पहले मुख्यमंत्री ने खुद लाइजनिंग ऑफिसर से कहा गाड़ी से सिक्योरिटी हटाने को कहा था। सीएम का आदेश रोजनामचे में लिखा हुआ है। गुप्ता ने आगे लिखा कि लेकिन थप्पड़ कांड का फायदा आप को नहीं मिला। इस बौखलाहट में केजरीवाल कह रहे हैं कि उनका पीएसओ भाजपा को रिपोर्ट करता है।

इस पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि विजेंद्र गुप्ता के ट्वीट से साबित हो गया कि भाजपा मुख्यमंत्री की हत्या कराना चाहती है। वह खुद ही कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा का रोजनामचा भाजपा के पास पहुंच रहा है। भाजपा इसके आधार पर मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रच रही है, इसमें विजेंद्र गुप्ता भी शामिल हैं।

दूसरी तरफ मुख्यमत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि भाजपा उनको क्यों मरवाना चाहती है? उनका कसूर क्या है? वह देश के लिए स्कूल व अस्पताल ही बनवा रहे हैं। पहली बार देश में स्कूल व अस्पताल की सकारात्मक राजनीति शुरू हुई है। भाजपा इसको खत्म करना चाहती है। केजरीवाल ने दावा किया है कि वह अंतिम सांसद तक देश के लिए काम करते रहेंगे।

Tags

Add new comment