भाजपा के अहंकार को लोगों ने खारिज कर दिया : ममता

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘खराब शासन और बुराई का पर्याय’ बनने का आरोप लगाते हुए कहा कि भगवा पार्टी राज्य की सभी तीन सीटों पर उपचुनावों में हार गई क्योंकि लोगों ने उसके अहंकार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “भाजपा के अहंकार को लोगों ने खारिज कर दिया है। वे एनआरसी लाने की धमकियां, नागरिकों को बेदखल करने और उनके अधिकारों को हड़पने की धमकी दे रहे हैं। हम सभी नागरिक हैं। सभी को अपना अधिकार है। सभी इस देश में इतने लंबे समय से रह रहे हैं।

बनर्जी ने कहा कि तृणमूल ने करीमपुर सीट अपने पास बचाए रखने के साथ ही विपक्ष से कलियागंज और खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र भी हासिल कर लिए।
बनर्जी ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस जीत के लिए लोगों का शुक्रिया अदा करने के लिए कलियागंज, करीमपुर और खड़गपुर जाएंगी। विभाजनकारी राजनीति के लिए भाजपा पर हमला करते हुए बनर्जी ने कहा, “संविधान की घोषणा 70 साल पहले की गई थी। हम सभी मतदाता हैं। सभी नागरिक हैं। लोगों को विभाजित करने और उन्हें प्रताड़ित करने के लिए यह नया गेम प्लान काम नहीं आया है।

मोदी-शाह ने लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश की: सोनिया
उन्होंने कहा, “भाजपा खराब शासन और बुराई का पर्याय है। लोग सकारात्मक को गले लगाना चाहते हैं और नकारात्मक को त्यागना चाहते हैं। उन्होंने पिछले कुछ महीनों में भाजपा के अहंकार को देखा है। भाजपा लोगों को न्यूनतम सम्मान भी नहीं देती है।बनर्जी ने कहा कि बांग्लाभाषी लोगों को विभिन्न राज्यों से भगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि अल्पसंख्यकों और राजबंशियों ने कलियागंज में तृणमूल को वोट दिया है। उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनावों के दौरान उन्हें कुछ वर्गों द्वारा गुमराह किया गया था और इसलिए उन्होंने हमारे खिलाफ मतदान किया। अब अल्पसंख्यकों, एससी/एसटी, आदिवासी, सभी समुदायों के लोगों ने हमें वोट दिया है।उन्होंने कहा कि पार्टी को खड़गपुर में गैर-बांग्लाभाषी लोगों का समर्थन भी मिला है।

Add new comment