giridih_babulal

गरीबों अल्पसंख्यकों को शिक्षा से दूर रखना सरकार की मंशा- बाबुलाल मरांडी

गांडेय(गिरिडीह):  केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार से विकास की उम्मीद रखना बेमानी है। सरकार को देश की आम आवाम से कोई सरोकार नही है। यह सरकार पूंजीपतियों के लिए समर्पित है। भाजपा सरकार गरीबों पिछड़ों और अल्पसंख्यक वर्ग के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। गरीबों और अल्पसंख्यकों को शिक्षा से दूर रखना सरकार की मंशा है। उक्त बातें झाविमो सुप्रीमो सह झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा। वह बुधवार को गांडेय में आयोजित झारखंड विकास अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखण्ड स्तरीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शरीक थे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चा पर विफल साबित हो रही है। सरकार पूरी तरह से हठधर्मिता और मनमानी पर उतारू है। इस सरकार से किसी का भला नही हो सकता।

मरांडी ने कहा कि भाजपा के शासन काल में मदरसो की हालत खस्ताहाल है। शिक्षण व्यवस्था बाद से बदतर स्थित में चली गयी है। सरकार स्कूलों को बंद कर रही है। जिन स्कूलों में गरीब अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं उन्हें सरकार द्वारा बन्द किया जा रहा है। देश एवं प्रदेश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। ना तो सरकार बेरोजगारों को रोज़गार दे पा रही है और ना ही जनता को बुनियादी सुविधाएं ठीक ढंग से मिल पा रही है। शिक्षा के अलावा स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं से आज भी सूबे की जनता रूबरू होने को विवश है और सरकार खुद का पीठ थपथपाने में व्यस्त है। होर्डिंग एवं बैनर के सहारे विकास के झूठे दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति छोड़ कर जाती धर्म सम्प्रदाय के नाम पर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है। भावना के नाम पर लोगों युवाओं को दिग्भ्रमित करने का काम किया जा रहा है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि सरकार की इस नीति के खिलाफ एकजुट होने का समय आ गया है। जनता को समझने की जरूरत है कि कौन सरकार उनके सुख दुख और विकास में साथ निभाने वाली है।उन्होंने कहा कि हर बच्चों को शिक्षा की सुविधा मिल पाए इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों को खोला था। मगर रघुवर सरकार उन स्कूलों को बंद कर अपनी मंशा साफ तौर पर जाहिर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सूबे की जनता रघुवर सरकार से तंग आ चुकी है। आगामी 2019 के चुनाव में भाजपा को जनता जवाब देने का काम करेगी और राज्य में सबको साथ लेकर चलने वाली एक स्थायी सरकार का गठन होगा। पत्रकारों द्वारा भाजपा विधायक ढुल्लू महतो एवं सांसद रविन्द्र पांडेय पर यौन शोषण के आरोप के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि वेलोग खुद अपनी बात लोगों को कहकर सुना रहे हैं। ऐसे में सरकार और भजपा के शीर्ष नेतृत्व को जल्द से जल्द इस मामले पर फैसला लेना चाहिए।इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए उनका उत्साह वर्धन किया और जनता को पूरी सतर्कता के साथ रहते हुए छलावे और झूठ की राजनीति से दूर रहने की नसीहत दी।कार्यक्रम को शाह अब्दुल रशीद कारी, गुलाम मुस्तफा, डॉ सबा अहमद, लक्ष्मण स्वर्णकार, सुरेश साव, महेश राम आदि ने भी संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। वाक़ताओं ने लोगों से भाजपा की छलावे की नीति को समझते हुए समझदारी से काम लेने की बात कही।

बता दें कि बुधवार को गांडेय के गिरनिया मोड़ में झारखंड विकास मोर्चा के अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रखण्ड स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने श्री मरांडी का स्वागत पूरी गर्मजोशी के साथ किया। यहां अतिथियों का स्वागत कार्यकर्ताओ द्वारा माला पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम के विधिवत उद्घाटन के बाद बारी बारी से वाक़ताओं ने अपने विचार रखे। मौके पर झाविमो नेता शोभा यादव, सुमन सिन्हा, टेको रविदास, इकबाल अंसारी, रजनी कौर, बिनोद वर्मा, बबलू पाठक सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Scroll to Top