संथाली फिल्म ‘आंगेन’ को मिला नेशनल अवॉर्ड: निर्देशक रवि राज मुर्मू बोले—अपनी जड़ों से जुड़ी कहानियां कहें युवा

नई दिल्ली/रांची: संथाली भाषा की बहुचर्चित फिल्म ‘आंगेन’ (Angen) के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (National Film Awards) में ‘Best Debut Film of a Director’ श्रेणी के लिए चुने गए झारखंड के प्रतिभावान युवा फिल्मकार रवि राज मुर्मू ने युवा सिनेमाप्रेमियों और स्वतंत्र फिल्मकारों से अपनी संस्कृति और स्थानीय जड़ों की कहानियों को सिनेमा के पर्दे पर लाने का आह्वान किया है।

न्यू दिल्ली फिल्म फाउंडेशन (NDFF) द्वारा आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम ‘टॉक सिनेमा ऑन द फ्लोर’ (TCOTF) के ‘स्पॉटलाइट’ सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में जुड़ते हुए रवि राज मुर्मू ने अपनी यात्रा साझा की। आगामी 22 सितंबर को गुजरात के केवड़िया में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उन्हें इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा।

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू सम्मानित, NDFF के टॉक सिनेमा कार्यक्रम में युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

रवि राज ने बताया कि क्षेत्रीय भाषा और अपनी कम्युनिटी के साथ काम करने में कई चुनौतियां आती हैं, लेकिन ‘आंगेन’ को बेहद सीमित संसाधनों और लगभग शून्य बजट के साथ शुरू किया गया था। उन्होंने कहा, “फिल्म बनाने के लिए हमेशा बड़े बजट या आदर्श परिस्थितियों का इंतजार न करें। अगर आपके पास कोई दमदार कहानी है, तो जरूरत पड़ने पर मोबाइल के कैमरे से ही शुरुआत कर दीजिए।” उन्होंने कहा कि काम शुरू करने पर गलतियां होती हैं, लेकिन उन्हीं गलतियों से सीखते हुए एक फिल्मकार निखरता है।

सिनेमा के शिल्प और संगीत पर भी हुई गहन चर्चा

New Delhi Film Foundation (NDFF) के संस्थापक और महासचिव आशीष के. सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सिनेमा पर गंभीर चर्चा, सीखने और नए सहयोग का मंच तैयार करना है। कार्यक्रम में दो अन्य महत्वपूर्ण सत्र भी आयोजित किए गए:

क्राफ्ट एंड क्रू सत्र: ‘भैयाजी सुपरहिट’ और ‘माज़ी’ जैसी फिल्मों के स्क्रीनराइटर शिरीष शर्मा (FTII पुणे से प्रशिक्षित) ने ‘पहली कहानी से पहली पटकथा’ विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कहानी का आधार (Premise) तय करते समय चरित्रों के संघर्ष, स्पष्टता और व्यक्तिगत अनुभवों की गहराई बेहद जरूरी है।

म्यूजिक चैप्टर सत्र: हरियाणवी अंदाज में ‘Senorita’ गाने के कवर वीडियो से सोशल मीडिया पर वायरल हुए युवा सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर ‘बोध’ (Bodh) को ‘आर्टिस्ट ऑफ द मंथ’ के रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अपने नए कंपोजिशन सुनाए और जल्द आने वाले म्यूजिक एल्बम की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन होस्ट निवृति खत्री व पुनीत शर्मा ने किया, जबकि आयोजन प्रबंधन में हरिंदर कुमार, वैभव मैत्रेय और कृश गुप्ता की मुख्य भूमिका रही। अंत में नेटवर्किंग सेशन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। (साभार: उलगुलान)


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *