स्मृति-शेष स्व० सुदिव्य भैया नहीं रहते हुए भी प्रेरणा पुंज के रूप में रहेंगे: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

Hindi Title:
English Slug:

गिरिडीह। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्मृति-शेष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व० सुदिव्य कुमार सोनू जी के आवास पहुंचे। झारखंड मंत्रिमंडल के सदस्य एवं समर्पित सहयोगी स्व० सोनू जी के असामयिक निधन से शोकाकुल मुख्यमंत्री ने उनके द्वादशकर्म कार्यक्रम में सम्मिलित होकर चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री की शोक-संतप्त पत्नी, पुत्र, पुत्री एवं परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

सुदिव्य जी का व्यक्तित्व और जुनून हमेशा मिसाल रहेगा: मुख्यमंत्री

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बड़े भाई सुदिव्य कुमार सोनू जी का असामयिक निधन राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई असंभव है। उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए उनकी सक्रियता, हौसला और जुनून अतुलनीय था। समाज और राज्य को ऐसे व्यक्तित्व की सदैव आवश्यकता रहती है। मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि दलगत भावना से ऊपर उठकर लोग उनके श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे हैं, जो उनके समृद्ध व्यक्तित्व का प्रमाण है। वे हमारे बीच न रहकर भी हमेशा एक प्रेरणा पुंज और मिसाल के रूप में कायम रहेंगे। मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित आमजनों से मिलकर भी उनका ढांढ़स बंधाया।

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब

विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी स्व० सुदिव्य कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।

इस द्वादशकर्म कार्यक्रम में राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री, राज्यसभा सांसद, विधायक, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, राज्य सरकार व गिरिडीह जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से स्व० सुदिव्य कुमार सोनू को अपनी अंतिम विदाई दी।

IPRD Jharkhand Avatar

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *