एचईसी के 2,000 कर्मियों के बकाये वेतन और समस्याओं पर सीएमडी से मिले एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री

नई दिल्ली/रांची। एचईसी (Heavy Engineering Corporation) के लगभग दो हजार कर्मचारियों की समस्याओं और लंबे समय से लंबित बकाये वेतन को लेकर एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने सीएमडी के. एस. मूर्ति से नई दिल्ली में उच्च स्तरीय मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों के हित और संस्थान के पुनरुद्धार से जुड़े कई प्रमुख मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने सीएमडी के समक्ष मुख्य मांगे रखीं:

नियमित वेतन भुगतान: हर माह समय पर वेतन का भुगतान किया जाए ताकि कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

पारस अस्पताल में मुफ्त इलाज: एचईसी प्लांट अस्पताल की तर्ज पर पारस अस्पताल में भी मेडिकल बुक के आधार पर कर्मियों को निःशुल्क ओपीडी सेवा उपलब्ध कराई जाए।

स्कूल फीस में राहत: एचईसी परिसर स्थित विद्यालयों में 11वीं और 12वीं कक्षा के बच्चों की फीस में कटौती की जाए।

प्रमोशन पॉलिसी में बदलाव: कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन को जल्द पूरा किया जाए और प्रमोशन की न्यूनतम समय सीमा 5 वर्ष से घटाकर 4 वर्ष की जाए।

प्लांट का आधुनिकीकरण: तीनों प्लांटों के आधुनिकीकरण, वर्किंग कैपिटल की व्यवस्था और बैंकों को दिए जाने वाले ब्याज को कम करने पर चर्चा हुई। इस संबंध में भारी उद्योग मंत्री से मिलकर सहयोग लेने की बात कही गई।

सीएमडी के. एस. मूर्ति ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि प्रबंधन कर्मचारियों की जायज मांगों और एचईसी के पुनरुद्धार के लिए मंत्रालय स्तर पर लगातार प्रयास कर रहा है। हाल ही में संसदीय समिति के एचईसी दौरे के बाद सुधार की दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण बैठक में सीएमडी के. एस. मूर्ति और महामंत्री रमाशंकर प्रसाद के साथ ऑल इंडिया स्टील फेडरेशन के कोषाध्यक्ष संतोष पंडा भी मौजूद रहे।

admin Avatar