gehlot1

अशोक गहलोत होंगे राजस्थान के मुख्यमंत्री

नई दिल्ली: राजस्थान में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर दौड़ समाप्त हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में और सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री के रूप में चुना। सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री पद के लिए कड़ी दावेदारी पेश की थी।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के फैसले की औपचारिक घोषणा पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में के.सी.वेणुगोपाल द्वारा की गई। 

वेणुगोपाल विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक थे।

यह घोषणा राहुल गांधी के निवास पर दोनों उम्मीदवारों गहलोत व पायलट की कांग्रेस अध्यक्ष के साथ घंटे भर से ज्यादा समय तक चली बैठक के बाद की गई।

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी ने पायलट को गहलोत का डिप्टी (उप मुख्यमंत्री) बनने के लिए सहमत किया। ऐसा कांग्रेस पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गुर्जर समुदाय को लुभाने के लिए किया है।

गुर्जर समुदाय राजस्थान के प्रभावशाली समुदायों में से एक है और पायलट इसी समुदाय से आते हैं।

यह गहलोत व पायलट की दो दिनों में राहुल गांधी के साथ तीसरी बैठक थी। गहलोत व पायलट के गुटों ने मुख्यमंत्री पद के लिए मजबूती के साथ दावा किया था।

वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के फैसले की घोषणा की। वेणुगोपाल ने कहा, “राहुल गांधी ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री चुना है और सचिन पायलट उप मुख्यमंत्री होंगे।”

अशोक गहलोत (72) तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बनेंगे, जबकि सचिन पायलट (41) राज्य में प्रशासक के रूप में अपनी शुरुआत करेंगे। सचिन पायलट ने अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता है।

अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने राजस्थान के लोगों को भरोसा दिया कि पार्टी अपने सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेगी। इसमें किसानों के कर्ज माफ करने, युवाओं के लिए रोजगार सृजन व सुशासन की बात शामिल है।

उन्होंने कहा, “मेरे सहयोगी सचिन पायलट व अन्य भी साथ मिलकर राहुल गांधी के वादों व दृष्टिकोण को पूरा करेंगे।”

पायलट ने गहलोत को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव राष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदलने वाले हैं। इनके नतीजों ने लोगों में आर्थिक विकास व सामाजिक सौहार्द की उम्मीद जगाई है।

वेणुगोपाल ने कहा कि गहलोत, पायलट व पार्टी के अन्य नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल कल्याण सिंह से मिलेगा और उन्हें पार्टी के फैसले की जानकारी देगा।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *