arvind-kejriwal

भाजपा हिंदुओं की रक्षक नहीं : केजरीवाल

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में एक सिपाही द्वारा एप्पल के एक अधिकारी की हत्या को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना की और कहा भगवा दल हिंदुओं के हितों की भी रक्षा नहीं कर सकता। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने कई सारे ट्वीट में कहा कि जब भाजपा हिंदुओं की रक्षक होने का दावा करती है तो क्यों विवेक तिवारी की हत्या हुई, जबकि वह तो एक हिंदू थे। 

केजरीवाल ने कहा, “विवेक तिवारी एक हिंदू थे। तो उनकी हत्या क्यों हुई? भाजपा हिंदुओं की शुभचिंतक नहीं है। अगर उन्हें सत्ता हासिल करने के लिए सभी हिंदुओं को मारना हो तो वे सोचने में दो मिनट भी नहीं लगाएंगे।” केजरीवाल ने तिवारी की पत्नी से फोन पर बात भी की है।

केजरीवाल के ट्वीट के बाद भाजपा ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। 

दिल्ली की भाजपा इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ट्विटर पर कहा कि आप कार्यकर्ताओं को देखना चाहिए कि केजरीवाल कितने संकीर्ण सोच वाले हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मृतक के परिवार के साथ है और इस हत्या के पीछे के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा, “जब हम न्याय के लिए कहते हैं तो भाजपा हमें संकीर्ण सोच वाला कहती है।”

विवके तिवारी की लखनऊ में शनिवार को घर लौटते वक्त उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने हत्या कर दी थी। सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है और अधिकारी की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *