जिम्बाब्वे के अनुभवी क्रिकेटर ब्रेंडन टेलर ने पुरुष वनडे क्रिकेट में एक नया विश्व कीर्तिमान रच दिया है। हरारे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मैदान पर उतरते ही वे अंतरराष्ट्रीय वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के वर्षों पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
ब्रेंडन टेलर का वनडे करियर अब 22 साल और 148 दिन का हो चुका है। उन्होंने अप्रैल 2004 में श्रीलंका के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सफर की शुरुआत की थी। 40 वर्षीय इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे के लिए 208 से अधिक वनडे मैचों में 6,700 से ज्यादा रन बनाए हैं और स्टंप के पीछे 160 से अधिक शिकार किए हैं।
सचिन तेंदुलकर दूसरे स्थान पर खिसके
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का वनडे करियर 22 साल और 91 दिनों (दिसंबर 1989 से मार्च 2012) का रहा था। हालांकि, सबसे ज्यादा वनडे मैच (463) और सबसे अधिक रन (18,426) बनाने का सर्वकालिक रिकॉर्ड अब भी सचिन के ही नाम दर्ज है।
वनडे इतिहास में सबसे लंबा करियर वाले शीर्ष 5 खिलाड़ी:
ब्रेंडन टेलर (जिम्बाब्वे): 22 साल 148 दिन
सचिन तेंदुलकर (भारत): 22 साल 91 दिन
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका): 21 साल 184 दिन
जावेद मियांदाद (पाकिस्तान): 20 साल 272 दिन
सीन विलियम्स (जिम्बाब्वे): 20 साल 187 दिन

Leave a Reply