gumla_dc_election

50,000 से अधिक कैश लेकर चलने पर देना होगा विवरण : गुमला निर्वाचन पदाधिकारी

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने विकास भवन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में लोकसभा चुनाव संबंधी विधि व्यवस्था, आचार संहिता नियमावली आदि विषयों पर चर्चा की गयी। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 994 बूथ, 109 क्लस्टर होगें। मतदान को सुचारू रूप से कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों को कुल 146 सेक्टर में बांटा गया है ।जिसमें सेक्टर ऑफिसर की नियुक्ति की गई है जो मतदान को सुचारू रूप से कराने में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान सूची में नाम जोड़ने का कार्य जारी है अतः जो मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में असमर्थ रहे हैं वह शीघ्र ही अपना नाम सूची में जुड़वाएं।

श्री रंजन ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2019 में दिव्यांगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार की गई है। तथा उनकी असमर्थता के आधार पर उन्हें व्हील चेयर व अन्य सहायक सामग्री उपलब्ध कराई जाएंगी। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल लिपि माध्यम से बना बैलट पेपर तैयार किया गया है । जिसके जरिए वह आसानी से मतदान दे पाएंगे। यदि कोई दृष्टि बाधित मतदाता, सहयोगी के माध्यम से मत दान देना चाहे तो यह भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल 2019 को लोहरदगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान होगा तथा 23 मई 2019 को मतगणना की जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें आदर्श आचार संहिता के लागू होने और उसका अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ कोई भी व्यक्ति 50,000 रुपए से अधिक नगद राशि लेकर चलेगा तो उसे इसका विवरण उपलब्ध कराना होगा।

उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए एमसीएमसी कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी सोशल मीडिया पर होने वाले चुनाव प्रचार पर अपनी नजर रखेगी। साथ ही किसी अभ्यर्थी द्वारा प्रिंट कराया गया पेड न्यूज़ पर भी कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही सी-विजील एप क्रियाशील हो गया है। अब कोई भी नागरिक कहीं भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने पर उसका फोटो या वीडियो सी-विजील एप के द्वारा चुनाव आयोग को उपलब्ध करा सकता है। 

शिकायत मिलने पर एक 100 मिनट में फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) तथा स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने ने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए 1950 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

उन्होंने लाइसेंसी आर्म्स धारकों को अपने हथियारों को भी जमा कराने का निर्देश दिया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में अधिक से अधिक मत प्रतिशत प्राप्त करने के लिए स्वीप के द्वारा लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हर प्रखंड में एक सखी बूथ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन 2019 के लिए प्रत्येक बूथ में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, निर्वाचन पदाधिकारी,  जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और विभिन्न संस्थानों से आए मीडिया कर्मी उपस्थित थे।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *