raghubar_hazhouse

रांची में हज हाउस के उदघाटन पर बोले रघुवर, मुस्लिम महिलाओं को रोजगार से जोड़ना है लक्ष्‍य 

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड सरकार सबका साथ सबका विकास के साथ सबके विश्वास जीतने में भरोसा रखती है। यही कारण है कि झारखंड बनने के इतने वर्षों के बाद आज हमारी सरकार ने मुस्लिम धर्मावलंबियों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए आधुनिक और भव्य हज हाउस का निर्माण कराया है। हमारा मानना है कि गरीबी का कोई धर्म नहीं होता है। गरीब की सेवा ही हमारी सरकार का धर्म है। उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राजधानी में हज हाउस के उदघाटन के बाद कहीं।

विकास सभी समस्याओं का समाधान
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि हर समस्या का एक ही समाधान है और वो है विकास। हमारी सरकार राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की योजनाओं को राज्य सरकार धरातल पर उतार रही है। दोनों सरकारें किसी धर्म विशेष के लिए काम नहीं करती है। हमारे लिए हर नागरिक महत्वपूर्ण है। हमारी लड़ाई गरीबी के खिलाफ है। सभी को आगे बढ़ने का अधिकार है।

मुस्लिम महिलाएं काफी हुनरमंद, प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज के हितैषी बननेवालों ने उनकी कभी चिंता नहीं की। यह सोचने की बात है कि हज हाउस बनाने में भी गड़बड़ी की गयी। लोगों को अब सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री आवास योजना का सबसे ज्यादा लाभ गरीब और बेघर मुस्लमानों को मिला है। हर घर में शौचालय, हर घर में एलपीजी गैस जैसी योजनाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाएं काफी हुनरमंद है। सरकार उन्हें प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। यहां भी एक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की शुरूआत करें, सरकार हर संभव मदद करेगी। महिला शक्ति आगे बढ़ेगी, तो समाज और राज्य भी आगे बढ़ेगा। युवाओं को भी रोजगार देने के लिए कई प्रशिक्षण केंद्र चलाये जा रहे हैं।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *