रांची: हजारीबाग के दो पत्रकारों के साथ मंत्री के समर्थकों द्वारा मारपीट का मामला चर्चा में है। हजारीबाग, जमशेदपुर से लेकर राजधानी रांची तक के पत्रकार आंदोलन की मुद्रा में आ गये हैं। 29 अप्रैल को रांची प्रेस क्लब में जमा होकर पत्रकारों ने मंत्री की बर्खास्तगी की मांग कर डाली।
मामला 27 अप्रैल का है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी एक मामले में मातम-पुरसी करने हजारीबाग गये थे। मामला एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत का था। परिजनों से मुलाकात के बाद मंत्री इरफान अंसारी मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उनका बयान कुछ हद तक राजीतिक भी था। घटना की जिम्मेवारी गिनवाते हुए उनका इशारा विपक्षी दल की ओर था।
इसी बीच एक पत्रकार ने एक पुराने मामले को लेकर सवाल कर दिया। मामला था चर्चित एयरऐम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने का । सवाल सुनकर मंत्री भड़क उठे। उन्होने इस बात पर आपत्ति जतायी कि इस ताजा घटना की चर्चा के दौरान उस पुराने मामले पर सवाल बेमतलब है। सवाल पर मंत्री द्वारा पल्ला झाड़ने के साथ ही उनके समर्थक आक्रामक मुद्रा में आ गये। और उन्होंने वहां मौजूद दो पत्रकारो पर हमला कर दिया।
घटना में घायल पत्रकार आशीष साव ने बताया कि उन्हें बहुत मारा-पीटा गया। बाद में सदर अस्पताल में इलाज भी हुआ आशीष ने इलाज की पर्ची और थाना में दर्ज शिकायत पत्र की कॉपी उपलब्ध कराते हुए बताया कि उनकी बुरी हालत को देखते हुए एक स्थानीय विधायक (भाजपा) ने एफआइआर की कॉपी तैयार करवायी और जिसे थाने में बतौर प्राथमिकी जमा किया गया।
इस घटना के बाद भी मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने एक अन्य बातचीत में मीडिया के सामने बयान दिया कि उनके कारण ही कुछ मीडिया वालों की दुकानदारी चलती है। मंत्री के इस बयान पर भी मीडिया कर्मियों में काफी रोष है।
बुधवार को प्रेस क्लब परिसर में बडी संख्या में पत्रकार जुटे और मंत्री डॉ अंसारी के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने घोषणा की कि पत्रकारों के इस आंदोलन में केवल पत्रकार शामिल रहेंगे, किसी भी राजनतिक दल को शामिल नहीं किया जाएगा। पत्रकार खुद में सक्षम हैं अपनी लड़ाई लड़ने में। चौधरी ने कहा मंत्री अंसारी को पत्रकारों की ‘दुकानदारी’ वाले बयान पर माफी मांगनी चाहिए। पत्रकारो पर हमले की जिम्मेवारी भी लेनी होगी। इस घटना को मद्देनजर मुख्यमंत्री से मांग है कि मंत्री डॅा इरफान अंसारी को तुरत उनके पद से हटायें। इस सभा में प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने भी मंत्री की खूब मजम्मत की। मौके पर पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार भी उपस्थित थे।

Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.