जमुई। बिहार के जमुई जिले के मड़वा पहाड़ी इलाके में सहपाठी के साथ जा रही नाबालिग छात्रा के साथ हैवानियत और अश्लील हरकत करने वाले मुख्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ और घेराबंदी के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके सहयोगी हरेराम यादव को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान नंदन के पैर में गोली लगी है, जबकि भागने की कोशिश में हरेराम का पैर टूट गया। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बालू-शराब तस्करी से काली कमाई और आतंक
आरक्षी अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नंदन और हरेराम इलाके में अवैध बालू खनन और शराब तस्करी के धंधे में शामिल थे। इस अवैध कारोबार से दोनों ने कम समय में मोटी कमाई की थी। ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के समय भी दोनों आरोपी शराब के नशे में धुत थे। पुलिस अब दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
राहगीरों के विरोध से बची थी जान, वीडियो वायरल करने वाला भी पकड़ा गया
घटना 19 सितंबर की है, जब नाबालिग छात्रा अपने दोस्त के साथ स्कूटी से लौट रही थी। इस दौरान मनचलों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और नंदन यादव के नेतृत्व में पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें की गईं। मौके से गुजर रहे कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों का विरोध किया, जिसके बाद आरोपी पीड़िता को छोड़कर भागे।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक कुल आठ लोगों को पकड़ चुकी है, जिनमें तीन नाबालिग और वीडियो वायरल करने वाला रामाशीष चौधरी भी शामिल है। पीड़िता की पहचान उजागर करने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ साइबर थाने में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राजनीतिक हलचल और स्पीडी ट्रायल की मांग
घटना को लेकर जिले भर में आक्रोश का माहौल है। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार इस मामले में बेहद सख्त है और दोषियों को पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
वहीं, जिला विधिज्ञ संघ जमुई ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि कोई भी अधिवक्ता अभियुक्तों की ओर से कानूनी पैरवी नहीं करेगा। संघ ने मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत चलाकर जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। अस्पताल परिसर और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात कर पूरे शहर में अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply