ljp_seats

बिहार में लोकसभा की 6 सीटों पर लड़ेगी लोजपा, रामविलास जाएंगे राज्‍यसभा

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को घोषणा की कि बिहार में 2019 के लोकसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) छह सीटों पर, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व जनता दल (यू) 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। भाजपा व जद (यू) ने लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान को राज्यसभा की एक सीट देने पर भी सहमति जताई।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राम विलास पासवान के साथ घंटे भर चली बैठक के बाद अमित शाह ने कहा, “बिहार में 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा व जद (यू) प्रत्येक 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी जबकि लोजपा छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी।”

अमित शाह ने कहा कि सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने में सहमति जताई है। उन्होंने भरोसा जाहिर किया राष्ट्रीय जनतांत्रितक गठबंधन बिहार में 2019 में 2014 की तुलना में अधिक सीट जीतेगा।

अमित शाह ने कहा कि एक संयुक्त चुनाव अभियान चलाया जाएगा और राजग के राज्य नेताओं द्वारा एक अंतिम मसविदा तैयार किया जाएगा।

इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा कि राजग मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और वह 2009 के परिणामों को दोहराएग, जब भाजपा व जद (यू) ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और 40 सीटों में से 32 पर जीत हासिल की थी।

नीतीश कुमार ने कहा, “हम संयुक्त रूप से प्रचार करेंगे और केंद्र में सरकार बनाएंगे।”

लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान ने सीट बंटवारे में सम्मान पूर्ण समझौते के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार जताया व फिर से केंद्र में सरकार बनाने का संकल्प लिया।

राम विलास पासवान ने कहा, “गठबंधन में कोई मुद्दा नहीं है। सब कुछ ठीक है। हम मोदीजी के नेतृत्व में चुनाव जीतेंगे।”

सीट बंटवारा समझौता को लोजपा की जीत की तरह देखा जा रहा है, जिसने आक्रामक रूख अपनाया था और जो अपनी मांगों को लेकर किसी प्रकार समझौता करने के मूड में नहीं थी। लोजपा ने भाजपा नेतृत्व को 31 दिसम्बर के पहले इसे निपटाने के लिए अंतिम चेतावनी दी थी।

गठबंधन सहयोगियों के साथ सीटों के समझौते को कई दौर की चर्चा व बैठकों के बाद अंतिम रूप दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने राम विलास पासवान व उनके बेटे चिराग पासवान के साथ शुक्रवार को चर्चा की। इसके एक दिन पहले लोजपा नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात की थी और सीट बंटवारे के मुद्दे पर वार्ता आयोजित करने में देरी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी।

राज्य की 40 लोकसभा सीटों में से 2014 में भाजपा ने 22 सीटों पर जबकि लोजपा ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी। इन चुनावों में भाजपा 30 सीटों व लोजपा सात सीटों पर लड़ी थी।

उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) ने तीन सीटों पर जीत हासिल की थी, वह उस समय राजग का हिस्सा थी।

आरएलएसपी अब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा बन चुकी है।

2014 में जद (यू) को सिर्फ दो सीटें मिली थीं।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *