स्थान: पुंदाग (राँची) : रांची: एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के संरक्षक व प्रमुख समाजसेवी विजय अग्रवाल को झारखंड में उनके उत्कृष्ट एवं मानवीय सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। रांची स्थित बीएनआर होटल में ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ द्वारा आयोजित ‘सोशल इम्पैक्ट कॉन्क्लेव 2026’ के दौरान उन्हें मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विजय अग्रवाल लंबे समय से समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुँचाने के उद्देश्य से सेवा, समर्पण और करुणा के साथ कार्यरत हैं। वे रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर, सद्गुरु कृपा ‘अपना घर आश्रम’ और श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम के माध्यम से दिव्यांगों, निराश्रितों, असहायों और बुजुर्गों की सेवा में निरंतर सक्रिय योगदान दे रहे हैं। आश्रम में रह रहे प्रभुजनों के भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
सम्मान मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए विजय अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाजसेवा के मार्ग पर और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि असहाय और जरूरतमंद लोगों के जीवन में संवेदना और सहयोग के जरिए सकारात्मक बदलाव लाना ही सच्ची समाजसेवा है।
संवाददाता: संगीता पाण्डेय

Leave a Reply