पुन्दाग (राँची) : रांची: पुन्दाग स्थित राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत गीता पाठ के शुभारंभ अवसर पर असम की सुप्रसिद्ध साध्वी गोपी जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर व्यक्ति अपने कर्मों के साथ अन्याय से जूझ रहा है। ऐसे में मनुष्य को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और संदेशों से प्रेरणा लेकर अधर्म व अन्याय के खिलाफ निरंतर संघर्ष करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं साध्वी गोपी जी के प्रवचन को सुनने के लिए दोपहर दो बजे से ही मंदिर परिसर में दर्जनों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पिछले 25 वर्षों से संन्यास जीवन जी रहीं साध्वी गोपी ने बताया कि वे मलेशिया, थाईलैंड, नेपाल, वृंदावन और भारत के विभिन्न हिस्सों में कथा वाचन के बाद अब जल्द ही दुबई में कार्यक्रम करने जा रही हैं। इसके अतिरिक्त वे वर्तमान में गुवाहाटी (असम) की बेटियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान व कार्यक्रम चला रही हैं।
भागवत पाठ के दौरान असम से आई कलाकार मीरा भट्टराई द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय नृत्य-संगीत ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस धार्मिक आयोजन में मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार सहित समिति के अध्यक्ष डंगुरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष निर्मल जलान, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष सज्जन पाड़िया और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
संवाददाता: संगीता पाण्डेय

Leave a Reply