रांची/बेंगलुरु: झारखंड के दुमका जिले के रेशम किसान शंभूनाथ देहरी ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाया है। बेंगलुरु स्थित गांधी कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित केंद्रीय रेशम बोर्ड के 77वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें ‘प्राइवेट ग्रेन्योर’ (निजी बीज उत्पादक) श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय (विज्ञप्ति संख्या – 106/2026) के अनुसार, दुमका के मधुबन निवासी शंभूनाथ देहरी को यह सम्मान रेशम कीट बीज उत्पादन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और नवाचारी योगदान के लिए प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि राज्य के रेशम उद्योग और स्थानीय किसानों के लिए बड़े गौरव का विषय है।
सम्मान समारोह में झारखंड के हस्तकरघा, रेशम एवं हस्तशिल्प निदेशक समेत देश के विभिन्न राज्यों के निदेशक और केंद्रीय बोर्ड के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि झारखंड सरकार की किसान-हितैषी नीतियों और तकनीकी सहयोग से राज्य के रेशम किसान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं।

Leave a Reply