लोक भवन मार्च को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, चाईबासा में हुई तैयारी बैठक

चाईबासा। श्री राम मंदिर चंदा चोरी तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आगामी 26 सितंबर को रांची में आयोजित लोक भवन मार्च को सफल बनाने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों और मंडलों से कार्यकर्ताओं की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस भवन, चाईबासा में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि 26 सितंबर का लोक भवन मार्च संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसरोकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ रांची पहुंचने का आह्वान किया।

कांग्रेस के जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ताओं में होती है। उन्होंने ब्लॉक और मंडल स्तर पर व्यापक तैयारी करने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पूर्व मंत्री देवेंद्र नाथ चाम्पिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष करती रही है। इस कार्यक्रम के जरिए पश्चिमी सिंहभूम की धरती से रांची तक एकजुटता का स्पष्ट संदेश जाना चाहिए।

तैयारी के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित
मार्च की तैयारियों को गति देने और आवश्यक व्यवस्थाएं संभालने के लिए विधायक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में 10 सदस्यीय तैयारी समिति का गठन किया गया है। इस समिति में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी, प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, रंजीत यादव, दिकु सावैयां, ललित दोराईबुरु, विजय सिंह सामड, कैरा बिरुवा और इम्तियाज खान शामिल हैं।

बैठक का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मायाधर बेहरा, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ाह सहित बड़ी संख्या में जिले भर के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रिपोर्ट: सिद्धार्थ पाण्डेय/चाईबासा

admin Avatar