आईएसएम कॉलेज में सात दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ

रांची। पुंदाग स्थित आईएसएम (ISM) कॉलेज में नए विद्यार्थियों के स्वागत और उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से सात दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ हुआ। 20 सितंबर से शुरू हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशी छात्रों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, मूल्यों, करियर की संभावनाओं और व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, कुलपति डॉ. डी. के. सिंह, निदेशक डॉ. गंगा प्रसाद सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गीता सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. विनोय मोहन तथा प्राचार्या डॉ. ज्योति की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नए विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

उद्घाटन सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम आगामी 21 दिनों तक चलेगा, जिसमें शैक्षणिक, सांस्कृतिक, इंटरैक्टिव और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह मंच छात्रों को संवाद करने, सीखने और नए अनुभव प्राप्त करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा, जिससे उनके कॉलेज जीवन की सकारात्मक और प्रेरणादायक शुरुआत हो सके।

रिपोर्ट: संगीता पाण्‍डेय, पुंदाग, रांची।

admin Avatar