आईआईटी बॉम्बे के पवई स्थित कैंपस में शुक्रवार को एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग के एक छात्र ने अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परीक्षा के दौरान एआई टूल (ChatGPT) के ज़रिए नकल करने का आरोप लगने के बाद छात्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ChatGPT से नकल का मामला: संस्थान की ओर से जारी बयान के अनुसार, परीक्षा के समय छात्र को मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। आरोप है कि उसने प्रश्नपत्र को ‘चैटजीपीटी’ पर अपलोड कर जवाब हासिल करने की कोशिश की थी। इसके बाद उसे परीक्षा हॉल से बाहर भेज दिया गया। घटना के बाद छात्र सीधे अपने हॉस्टल चला गया, जहां शाम को उसका शव बरामद हुआ।
संस्थान की सफाई: आईआईटी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र पर कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्यों के बीच हुई बातचीत में यह तय हुआ था कि छात्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उस पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रशासन ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिजनों को सूचित कर दिया है।
कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन: इस दुखद घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र कैंपस के मुख्य द्वार पर एकत्र हो गए और निदेशक से बातचीत की मांग करने लगे। छात्रों का कहना है कि संस्थान में ऐसी परिस्थितियों का पता लगाना ज़रूरी है जो विद्यार्थियों को तनाव और ऐसे कठोर कदम उठाने की ओर ढकेलती हैं। बता दें कि इस वर्ष आईआईटी बॉम्बे कैंपस में यह आत्महत्या का तीसरा मामला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply