नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026। केंद्र सरकार ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में झारखंड के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (RCS-UDAN) के तहत राज्य के छह हवाई अड्डों का चयन किया है। इनमें बोकारो, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर और डाल्टनगंज शामिल हैं।
यह जानकारी केंद्रीय नागरिक विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सोमवार को राज्यसभा में सांसद परिमल नथवाणी द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
मंत्री ने बताया कि चयनित छह हवाई अड्डों में से जमशेदपुर और देवघर हवाई अड्डे पहले से ही परिचालनरत हैं, जबकि बोकारो और दुमका हवाई अड्डों का विकास कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं हजारीबाग और डाल्टनगंज में परियोजनाएं अभी आगे नहीं बढ़ सकी हैं, क्योंकि इन दोनों स्थानों के लिए राज्य सरकार द्वारा अब तक आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई है।
केंद्र सरकार ने झारखंड में हवाई अड्डा अवसंरचना के विकास के लिए 122.04 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इनमें से अब तक 117.61 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है।
राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी ने सरकार से पूछा था कि क्या उड़ान योजना के तहत झारखंड में क्षेत्रीय हवाई संपर्क के विस्तार का कोई आकलन किया गया है तथा पिछले पांच वर्षों के दौरान राज्य में हवाई अड्डा अवसंरचना विकास के लिए कितनी राशि स्वीकृत और खर्च की गई है।
अपने उत्तर में मंत्री ने यह भी बताया कि देश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से 4 जुलाई 2026 को संशोधित उड़ान योजना लागू की गई है। इस नई योजना के तहत अगले 10 वर्षों में 120 नए असेवित (Unserved) और कम सेवा प्राप्त (Underserved) गंतव्यों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने तथा करीब 4 करोड़ यात्रियों को हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संशोधित योजना के अंतर्गत पर्वतीय क्षेत्रों, आकांक्षी जिलों और पूर्वोत्तर भारत में हेलीपैड तथा छोटे हवाई अड्डों के विकास को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे देश के दूरदराज़ क्षेत्रों में हवाई संपर्क को नई गति मिल सके।

Leave a Reply