छात्र प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच पहली वार्ता सकारात्मक, मांगों पर गंभीरता से विचार का भरोसा

रांची। झारखंड में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के बीच शुक्रवार को स्टेट गेस्ट हाउस में पहली दौर की वार्ता सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। सरकार की ओर से मंत्रियों के एक पैनल ने छात्रों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की और गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

सरकार की ओर से गठित पैनल में मंत्री चमरा लिंडा, सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह और संजय शामिल थे। बैठक में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगें विस्तार से रखीं।

बैठक के बाद छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि पहली वार्ता बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा पारिवारिक माहौल में हुई और उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री तथा सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे।

छात्रों की कोर कमेटी के अनुसार, सरकार उनकी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाएगी और जल्द ही अगली बैठक होगी। हालांकि, तब तक आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। समिति ने कहा कि यदि सरकार की ओर से ठोस और सकारात्मक आश्वासन मिलता है तो 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च पर पुनर्विचार किया जा सकता है।

बैठक के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी कहा कि छात्रों के साथ बातचीत अच्छे वातावरण में हुई। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना है और उन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है।