पुतिन 2036 तक रूस के राष्‍ट्रपति रह सकते हैं

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को उस कानून पर हस्ताक्षर किया जो उन्हें 2036 तक राष्ट्रपति पद की दौड़ में बने रहने की योग्यता प्रदान करता है. और इसके साथ ही पिछले साल संवैधानिक बदलाव के लिए हुए मतदान में प्राप्त समर्थन को औपचारिक रूप दिया गया. पिछले साल एक जुलाई को हुए संवैधानिक मतदान में एक ऐसा प्रावधान भी शामिल था जो पुतिन को दो और बार राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने की अनुमति प्रदान करता है. आपको पता होगा कि रूस में राष्ट्रपति का कार्यकाल छह साल का होता है। 

हालांकि पुतिन ने कहा कि वह 2024 में अपना वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने के बाद इस बारे में विचार करेंगे कि उन्हें राष्ट्रपति पद के लिए दोबारा मैदान में उतरना है या नहीं. बतायें कि पुतिन दो दशकों से भी अधिक समय तक सत्ता पर काबिज रहने वाले 68 वर्षीय रूसी सत्‍ताधीश हैं। यदि पुतिन दो बार फिर से चुने जाते हैं और दूसरे कार्यकाल के अंत तक कार्य करते हैं, तो वह जोसेफ स्टालिन को पीछे छोड़कर पीटर द ग्रेट के बाद रूस के सबसे लंबे समय तक रहने वाले नेता बन जाएंगे, जो 42 वर्षों तक सत्ता में थे. अपने पूरे राजनीतिक जीवन में पुतिन को फोर्ब्स मैगज़ीन ने साल 2013 से 2016 के बीच दुनिया के सबसे ताक़तवर शख़्स का खिताब दिया.

Add new comment