छत्तीसगढ़ चुनाव : मोदी की रैली से पहले कांग्रेस ने ट्विटर पर दिखाई ताकत

रायपुर: छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान के मद्देनजर चुनावी सरगर्मियां जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार को अंबिकापुर में होने वाली रैली से पहले, गुरुवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा ट्विटर पर चलाया गया अभियान 'हैशबढ़तेचलोअंबिकापुर हैशटैग' पूरा दिन शीर्ष रुझानों में ट्रेंड करता नजर आया। सरगुजा जिले की अंबिकापुर विधानसभा सीट से दो बार के विधायक और नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंहदेव हैट्रिक बनाने के लिए मैदान में हैं। उन्हें लोगों के बीच 'टी.एस.बाबा' के नाम से भी जाना जाता है। वे पिछले काफी वक्त से लोगों के बीच जाकर चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं और कांग्रेस आगामी चुनावों में अंबिकापुर की सीट को जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। यही कारण है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और टी.एस.बाबा की सोशल मीडिया टीम ने ट्विटर पर 'हैशबढ़तेचलोअंबिकापुर हैशटैग' को ट्वीट कर माहौल कांग्रेसमय बनाने की कोशिश की।

गौरतलब है कि 16 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करने वाले हैं और भाजपा कार्यकर्ता दूसरे दौर के मतदान से पहले होने वाली इस रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी और टी.एस.बाबा की सोशल मीडिया टीम ने ट्विटर पर 'हैशबढ़तेचलोअंबिकापुर' को ट्विटर जैसे प्लेटफार्म पर राष्ट्रीय पहचान दिलवाकर कांग्रेस की ताकत दिखाने की कोशिश की है।

अंबिकापुर में भाजपा से अनुराग सिंह देव मैदान में हैं जो पहले भी यहां से दो बार टी.एस.बाबा के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो बार छत्तीसगढ़ का दौरा कर चुके हैं और प्रधानमंत्री मोदी भी अपने दूसरे दौरे पर हैं। अब देखने वाली बात होगी कि अंबिकापुर में कांग्रेस के पक्ष में बन रहे माहौल को भाजपा की सोशल टीम मोदी के दौरे के साथ कैसे टक्कर देती है।

Tags

Add new comment