बेटी हनीप्रीत अब रूहानी दीदी के नाम से जानी जाएगी : राम रहीम

Approved by admin on Wed, 10/26/2022 - 19:15

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

हरियाणा की सुनारिया जेल से पैरोल पर बाहर आए डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राह रहीम विवादों में हैं। बागपत के बरनावा आश्रम में राम रहीम रह रहे हैं और जब से जेल से बाहर निकले हैं तब से एक के बाद एक खबरों को लेकर सुर्ख़ियों में हैं। पहले भाजपा नेताओं को आशीर्वाद दिया, दिवाली के मौके पर म्यूजिक वीडियो रिलीज किया और अब बेटी हनीप्रीत का नाम भी बदल दिया है।

क्या होगा हनीप्रीत का नया नाम?
गुरमीत राम रहीम ने ऑनलाइन एक कार्यक्रम में कहा कि बेटी हनीप्रीत अब रूहानी दीदी के नाम से जानी जाएगी। इसके साथ ही राम रहीम ने गद्दी और गुरु बदलने की चर्चाओं पर कहा कि डेरे के गुरु हम थे, हम हैं और हम रहेंगे। राम रहीम ने यह भी कहा कि हनीप्रीत और डेरे की गद्दी को लेकर जो भी चर्चाएं चल रही हैं, उन पर विराम लग जाएगा। राम रहीम ने बताया कि मुझे जानकारी मिली है कि गद्दी बदले जाने की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन ऐसा नहीं होगा!


हनीप्रीत को लेकर क्या बोले राम रहीम?
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख ने कहा है कि लोग कुछ भी कहें लेकिन हनीप्रीत (रूहानी दीदी) मेरी धर्म की बेटी है और हमेशा मुझे गुरु माना है, पिता की तरह सम्मान दिया है। लोग तरह-तरह की बातें बनाकर संगत को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उनके ये मंसूबे कामयाब होने वाले नहीं है। ऑनलाइन प्रवचन के दौरान हनीप्रीत को लेकर उन्होंने कहा कि मैंने उसे (हनीप्रीत) को एक नाम भी दिया है और मैं उसे रूह-दी या रूहानी दीदी कह कर पुकारता हूं।

वायरल हुआ म्यूजिक वीडियो
दीपावली से पहले राम रहीम की तरफ से एक म्यूजिक वीडियो भी जारी किया गया है। ‘साड्डी नीट दीवाली’ नाम का यह वीडियो सोशल मीडिया खूब वायरल हुआ और यह ट्रेंड भी हुआ। कुछ ही घंटों के बाद इस वीडियो पर लाखों व्यूज आ गए। गुरमीत राम रहीम इस वीडियो में अपने गुरु शाह सतनाम सिंह की फोटो के साथ दिखाई दे रहे हैं और दीपावली के दीए जला रहे हैं।

गुरमीत राम रहीम बलात्कार के आरोप में 20 साल कैद की सजा काट रहे हैं। वह हाल ही में सुनारिया जेल से 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आये हैं। हरियाणा में चुनाव के बीच राम रहीम की पैरोल मिलने पर विपक्ष के कई नेताओं ने सवाल उठाये हैं और बार-बार पैरोल मिलने पर भी सोशल मीडिया पर लोग तरह- तरह की टिप्पणियां भी कर रहे हैं हैं।

Sections

Add new comment